🔥 TRENDING Ex-West Bengal Ministers Bratya Basu,... West Bengal Board Exams Postponed by T... Mangesh Chavan Warns Mahayuti Componen... Milk Prices Rise 4-5 Rupees in Dharash... UP Mother Surrenders 20‑Day‑Old Baby t... Azam Khan’s Potential Support Could Ti...
20 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

ट्रकों के थमे पहिए तो मंडियों में अटका अनाज, करोड़ों का कारोबार ठप

✍️ Reporter: Arvind sen 🗓 13 Nov 2026, 09:43 AM 👁 75
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
अशोकनगर। स्टियरिंग छोड़ो आंदोलन की गूंज अब जिले में भी शुरू हो गई है। सारथी एकता यूनियन के नेतृत्व में जिले में लोडिंग और कमर्शियल वाहनों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो गई है। बस स्टैंड पर धरने पर बैठे ड्राइवरों ने ट्रकों और मेटाडोर के पहिए पूरी तरह थाम दिए हैं, जिससे जिले में ट्रांसपोर्टेशन व्यवस्था चरमरा गई है। दोनों कृषि उपज मंडियों में अनाज का उठाव रुकने और माल की आवाजाही बंद होने से करोड़ों रुपए का कारोबार प्रभावित होने लगा है।
ट्रक पुरानी कृषि उपज मंडी व खाली मैदानों में कतार में खड़े रहे। लोडिंग वाहनों (मेटाडोर) को भी एक साथ खड़ा कर दिया गया है। साथ ही सड़क पर बड़े अक्षरों में चेतावनी स्वरूप लिख दिया गया है कि स्टियरिंग छोड़ो आंदोलन संपूर्ण भारत में जारी है। अगर हड़ताल लंबी खिंचती है, तो अनाज का ट्रांसपोर्टेशन ठप हो जाएगा, जिससे आने वाले दिनों में आम जनजीवन और खाद्य पदार्थों की आपूर्ति पर संकट खड़ा हो सकता है।
रात में हर सड़क पर चौकसी करेगी यूनियन: यूनियन के जिलाध्यक्ष श्याम शर्मा ने बताया कि हड़ताल के दौरान दिन मेंतो पूरी तरह निगरानी रखी जा रही है, लेकिन रात के समय कोई भी स्थानीय लोडिंग वाहन या ट्रक चोरी-छिपे माल भरकर न निकले, इसके लिए रात में भी चौकसी की जाएगी। हर प्रमुख चौराहे और सड़कों पर 10-10 ड्राइवरों की आठ-आठ घंटे की ड्यूटी लगाई जाएगी।
ऑटो हो रहे हैं माल ढुलाई में शामिल: हड़तालियों ने थाने में शिकायत की है कि लोडिंग वाहनों के बंद होने से कुछ ऑटो मालवाहक बनकर सामान ढोने लगे हैं। यूनियन के अध्यक्ष श्याम शर्मा ने बताया कि लोडिंग वाहन चालकों ने शिकायत की थी कि ऑटो वाले माल भरकर दौड़ रहे हैं। इस पर हड़ताल पर बैठे ड्राइवरों ने ऐसे ऑटो चालकों को बीच रास्ते में पकड़ लिया और यातायात थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग करते हुए ऑटो को थाने में खड़ा करवा दिया।
कानून बनने तक थमे रहेंगे पहिए: ट्रक यूनियन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी भगवानदास बैरागी ने बताया कि यह हड़ताल राष्ट्रीय स्तर पर चल रही है। हमारी 13 प्रमुख मांगें और समस्याएं हैं, जिनके समाधान के लिए सरकार से कानून की मांग की जा रही है। अशोकनगर में भी करीब 200 से अधिक लोकल ट्रकों के पहिए थाम दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, यह अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
📲Get App