🔥 TRENDING Himachal Pradesh Legislative Assembly... Governor Opens Winter Travel Exhibitio... Yogi Adityanath's Mother Passes Away a... Chief Minister to Depart for Uttarakha... 27-Year-Old Arrested After Impersonati... Bulgarian Foreign Minister Velislava P...
20 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

रामगढ़ में 20 नवंबर को आदि गौड़ ब्राह्मण समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन, 19 जोड़े एक साथ लेंगे सात फेरे

✍️ Reporter: Rohitash Kumar 🗓 19 Nov 2026, 12:20 PM 👁 34
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
रामगढ़ में 20 नवंबर को आदि गौड़ ब्राह्मण समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन, 19 जोड़े एक साथ लेंगे सात फेरे
दो बीघा से अधिक भूमि पर हो रही तैयारियां, विधायक सुखवंत सिंह होंगे मुख्य अतिथि; तीन सम्मेलनों में अब तक 62 जोड़े बंध चुके हैं विवाह सूत्र में
रामगढ़ कस्बे में सामाजिक एकता और सामूहिक विवाह की परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री आदि गौड़ ब्राह्मण समाज का चतुर्थ सामूहिक विवाह सम्मेलन 20 नवंबर को आयोजित होगा। रेलवे फाटक के पास लाल कोठी मैदान में होने वाले इस सम्मेलन में समाज के 19 जोड़े एक साथ वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। सम्मेलन को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह तथा आदि गौड़ ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष पंडित पंकज दीक्षित होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रामगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम सिंह मौजूद रहेंगे। इसके अलावा समाज के भामाशाह, गणमान्य नागरिक और प्रबुद्धजन भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
बुधवार को विवाह सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आयोजन समिति के सदस्य जुटे रहे। कार्यक्रम स्थल पर दो बीघा से अधिक भूमि में विशाल टेंट लगाया जा रहा है। वहीं बारातियों और मेहमानों के स्वागत से लेकर विवाह की विभिन्न रस्मों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
आदि गौड़ ब्राह्मण समाज सेवा समिति के अध्यक्ष भूदेव शर्मा ने बताया कि समाज में शिक्षा, जागरूकता और आपसी एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। पिछले तीन सम्मेलनों में कुल 62 जोड़े विवाह सूत्र में बंध चुके हैं। इस बार 19 जोड़े सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत करेंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में होने वाले सभी आयोजनों और व्यवस्थाओं का खर्च आयोजन समिति की ओर से वहन किया जाएगा, ताकि आर्थिक रूप से किसी परिवार पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़े। सम्मेलन का मुख्य आकर्षण 19 दूल्हों की एक साथ निकलने वाली सामूहिक बारात होगी। बारात मुख्य मार्ग से होते हुए आयोजन स्थल पर पहुंचेगी। इसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
📲Get App