🔥 TRENDING Manipur Dairy Wins Global Award for Wo... Manipur CM and Governor Pay Tribute to... HBDRF demands Meghalaya govt recognise... Shillong Cherry Blossom Festival 2026... Mla zakir Meghalaya Approves Sixth State Pay Com...
20 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Crime

मुंबई से छठ मनाने लौटते परिवार को औरंगाबाद में भीषण हादसे का शिकार, तीन की मौत

✍️ Reporter: Ramlakhan Kumar 🗓 12 Nov 2026, 05:49 PM 👁 75
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

छठ महापर्व मनाने मुंबई से नवादा के सलेमपुर गांव लौट रहा परिवार औरंगाबाद जिले में स्कॉर्पियो और ट्रक की टक्कर का शिकार हो गया। हादसे में पिता, आठ वर्षीय पुत्र और ससुर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

छठ महापर्व मनाने की खुशियां लेकर मुंबई से अपने गांव लौट रहा एक परिवार रास्ते में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। औरंगाबाद जिले के रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम पसरा है और किसी भी घर में चूल्हा तक नहीं जला।

जानकारी के अनुसार, पकरीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी रामकिशुन चौहान के पुत्र राजकुमार चौहान पिछले करीब 15 वर्षों से अपने परिवार के साथ मुंबई में रह रहे थे। वहां एक निजी कंपनी में काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। छठ महापर्व मनाने के लिए राजकुमार अपने परिवार के साथ मुंबई से गांव लौट रहे थे। मुंबई से बनारस पहुंचने के बाद उन्होंने नवादा आने के लिए एक स्कॉर्पियो किराये पर ली थी। इसी स्कॉर्पियो से पूरा परिवार सलेमपुर के लिए रवाना हुआ था।

बताया जाता है कि स्कॉर्पियो जैसे ही औरंगाबाद के रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय पुत्र रितेश कुमार और उनके ससुर भगवानदास, निवासी जोरावर बीघा, थाना नारदीगंज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, राजकुमार की पत्नी किरण देवी, 12 वर्षीय बड़े पुत्र राकेश कुमार और उनके साले नीतीश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मगध मेडिकल अस्पताल, गया रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ग्रामीण अनिल चौहान ने बताया कि राजकुमार की पत्नी किरण देवी छठ व्रत करती थीं। इसी पर्व को मनाने के लिए पूरा परिवार प्रत्येक वर्ष गांव आता था और छठ पूजा संपन्न होने के बाद मुंबई लौट जाता था। उन्होंने बताया कि बीते अगस्त महीने में श्रावणी मेले के दौरान भी राजकुमार देवघर जाने के लिए गांव आए थे। वापस मुंबई जाते समय उन्होंने छठ में फिर गांव आने की बात कही थी, लेकिन किसी को क्या पता था कि उनकी यह वापसी आखिरी साबित होगी।

हादसे की खबर मिलते ही सलेमपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। राजकुमार के घर पर ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जुट गई। हर आंख नम है और हर चेहरा गमगीन। गांव के किसी भी घर में चूल्हा नहीं जला है। लोग स्तब्ध हैं और मृतकों के शव गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार गांव में ही किया जाएगा। छठ की खुशियां मनाने लौट रहा परिवार इस दर्दनाक हादसे के कारण गहरे मातम में डूब गया है।
📲Get App