राजनीति
जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
जन-जन की समस्याओं का समाधान डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: योगी आदित्यनाथ
गोरखपुर। जन-जन की समस्याओं का समाधान डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी संकल्प के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्था का लाभ मिले। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो तथा आमजन को न्याय और राहत दिलाने के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करे।