🔥 TRENDING बिहार के स्वास्थ मंत्री पटना साहिब स्थ... મહેસાણા-મોઢેરા રોડ પર ખોદકામને કારણે ટ... ఎల్లారెడ్డిపేట జాతరలో తప్పిపోయిన బాలిక... उन्नाव में दर्दनाक हादसा: बहन को लेने... આજે ગુજરાત સરકારના વન અને પર્યાવરણ મંત... Karan Johar Warns: Social Media Algori...
24 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

गोरखपुर में मनाई गई देव दीपावली

✍️ Reporter: Ashish Bhatt 🗓 24 Nov 2026, 07:35 PM 👁 19
Watch on: 📘 Facebook
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
*सवा लाख दीपों से जगमगाया गोरखनाथ घाट, राप्ती तट पर दिखा आस्था का महासंगम*

*गोरखपुर।* आस्था की अविरल धारा, श्रद्धा का अद्भुत संगम और दीपों से जगमगाता राप्ती नदी का पावन तट... कार्तिक पूर्णिमा की शाम गोरखपुर के गोरखनाथ घाट पर कुछ ऐसा अलौकिक दृश्य उपस्थित हुआ कि हर कोई मंत्रमुग्ध रह गया। एक साथ प्रज्ज्वलित सवा लाख दीपों की स्वर्णिम आभा ने पूरे घाट को रोशनी के महासागर में तब्दील कर दिया। राप्ती की लहरों पर झिलमिलाते दीपों का प्रतिबिंब ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो आसमान के असंख्य सितारे धरती पर उतर आए हों। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान सतरंगी हो उठा और घंटा-घड़ियाल, वैदिक मंत्रोच्चार तथा आरती की गूंज ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। दैनिक जागरण परिवार की ओर से आयोजित देवदीपावली का यह भव्य समारोह गोरखपुर की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को एक नई ऊंचाई देता नजर आया।
देवदीपावली के पावन पर्व पर आयोजित इस भव्य दीपोत्सव का शुभारंभ सदर सांसद रवि किशन और दैनिक जागरण के स्थानीय संपादक भास्कर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद घाट पर दीपदान का सिलसिला शुरू हुआ तो देखते ही देखते पूरा परिसर दीपों की रोशनी से नहा उठा। श्रद्धालुओं ने मां राप्ती के तट पर दीप अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, समाज में शांति और जनकल्याण की कामना की। नदी के किनारे सजी दीपों की लंबी कतारें और पानी में उनकी परछाइयां इस आयोजन को बेहद आकर्षक बना रही थीं। आतिशबाजी ने उत्सव की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए।
समारोह में सांसद जगदंबिका पाल, सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला, मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, डीआईजी रेंज एस. चन्नप्पा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल, एसपी नार्थ राजेश धुनावत और जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने दीपदान और आरती में सहभागिता कर धार्मिक आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
राप्ती के तट पर जब अंतिम समय तक दीपों की लौ झिलमिलाती रही और आसमान में आतिशबाजी की सतरंगी छटा बिखरती रही, तब ऐसा लगा मानो पूरा गोरखपुर दीपों के उत्सव में डूब गया हो।
📲Get App