🔥 TRENDING दारू थाना क्षेत्र में प्रकाश जनरल स्टो... देवेन्द्र बंजारा उत्तराखंड DISTRICT ADVISORY COMMITTEE MEETING ON... घटस्फोटित युवा महिला ने परधर्मीय युवक... पूर्णियां पुलिस ने संगठित मोबाइल स्नैच...
20 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Religion

गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने किया गोवर्धन पूजन, बोले- हर हाल में करनी होगी गाय की रक्षा

✍️ Reporter: Surya bhan singh 🗓 09 Nov 2026, 07:24 PM 👁 157
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
7700 से अधिक गोशालाओं में संरक्षित हैं 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश, पशुपालकों को आर्थिक सहायता दे रही सरकार

गोरखपुर। गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर सोमवार को मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि-विधान से गोवर्धन पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने गायों और गोवंश का पूजन किया। इसके बाद गायों को माला पहनाकर तिलक लगाया और अपने हाथों से गुड़-केला खिलाकर गोसेवा की। इस दौरान मुख्यमंत्री गायों को उनके नाम से पुकारते और दुलार करते नजर आए।
पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर हाल में गाय की रक्षा करनी है। गोवंश की नस्ल सुधार के साथ पशुपालकों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में भी काम करना होगा।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गोसंरक्षण और संवर्धन के लिए 7700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से अभियान चला रही है। इन गोशालाओं में 16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं। सरकार की तीन योजनाओं के जरिए गोवंश की देखभाल और पशुपालकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि सहभागिता योजना के तहत निराश्रित गोआश्रय स्थलों से गाय लेकर पालन-पोषण करने वाले किसानों को प्रति गाय 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। एक किसान अधिकतम चार गाय रख सकता है। इस तरह उसे प्रतिमाह छह हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है। वहीं, कुपोषित परिवारों को दूध की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए एक-एक ब्याई हुई गाय देने के साथ उसके पालन-पोषण के लिए भी 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि गोवंश सड़कों पर न घूमे और किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचाए। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन विभाग तथा नगरीय क्षेत्रों में नगर विकास विभाग के माध्यम से गोआश्रय स्थलों और कान्हा उपवन का संचालन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कृषि और ऋषि प्रधान भारत में गाय का विशेष महत्व है। भारतीय संस्कृति में गाय को समृद्धि का प्रतीक माना गया है। गोसेवा से धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष जैसे चारों पुरुषार्थों की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से भारतीय परंपरा के अनुसार प्रतिदिन गाय के लिए पहला ग्रास और श्वान के लिए अंतिम ग्रास निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो लोग गाय नहीं पाल सकते, वे गोशालाओं में सहयोग करके भी गोसेवा कर सकते हैं। गोसेवा केवल धार्मिक परंपरा ही नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
📲Get App