🔥 TRENDING इंदौर नगर निगम के 4 साल पूरे: कांग्रेस... काली साड़ी और काले चश्मे में जुझारू आं... भारत- जापान रक्षा संवाद में सहमति; इंद... Mayong Museum Opens as Window into Ass... 7-Week-Old Elephant Calf Raja Air‑Lift... Congress Questions BJP's Claim: Assam...
20 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रही मां को कार ने कुचला, मौत; 18 नवंबर को उठनी थी बेटी की डोली

✍️ Reporter: Surya bhan singh 🗓 15 Nov 2026, 09:09 PM 👁 56
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
रामपुर (जौनपुर)। जिस घर में चंद दिनों बाद बेटी की डोली उठने वाली थी, वहां अब मां की मौत से मातम पसरा हुआ है। बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर बेटे के साथ बाइक से घर लौट रही महिला को तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पर गिरी महिला को कार चालक कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन मड़ियाहूं के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर थाना क्षेत्र के कुंभापुर गांव निवासी निर्मला (55) पत्नी स्व. राजमनि गौतम अपने पुत्र सचिन के साथ भदोही से बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड वितरित कर बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान रामपुर सेमुही मोड़ के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही निर्मला सड़क पर गिर पड़ीं। आरोप है कि कार चालक उन्हें कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद बदहवास परिजन तत्काल उन्हें मड़ियाहूं स्थित एक निजी चिकित्सालय ले पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मां की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

18 नवंबर को होनी है बेटी की शादी

मृतका के पुत्र सचिन ने बताया कि उसकी बहन की शादी आगामी 18 नवंबर को तय है। शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए वह अपनी मां के साथ भदोही गया था। वहां रिश्तेदारों और परिचितों को कार्ड वितरित करने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और यह दर्दनाक हादसा हो गया। जिस मां के हाथों बेटी की शादी की तैयारियां पूरी होनी थीं, वही मां अब इस दुनिया में नहीं रही। इस घटना ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।

इस संबंध में रामपुर थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना में शामिल कार का नंबर पुलिस को मिल गया है। वाहन का पता लगाकर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
📲Get App