🔥 TRENDING Manipur Hooch Tragedy Claims 15 Lives... 15 Dead, 180 Hospitalised After Toxic... Tripura Congress Leader Accuses BJP of... Tripura Leader Radhacharan Debbarma Ca... Tripura HC Orders Probe into Unakoti T... Himachal Police Issues Warning on Risi...
21 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Education

बाइक रैली के साथ न्यायोत्सव 2026 का हुआ समापन

✍️ Reporter: Rajkumar Kaithwas 🗓 21 Nov 2026, 08:40 PM 👁 12
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
‘सबके लिए न्याय’ का संदेश लेकर शहर के प्रमुख मार्गों से निकली बाइक रैली
________________

निबंध, चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
________________

खरगोन 21 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 14 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित न्यायोत्सव का समापन शुक्रवार को बाइक रैली एवं विधिक जागरूकता प्रदर्शनी के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना रहा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडलेश्वर के प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री अखिलेश जोशी ने विशेष न्यायाधीश श्री अमित रंजन समाधिया एवं अन्य न्यायाधीशगण की उपस्थिति में जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर सेंटर से बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश श्री अखिलेश जोशी ने कहा कि बाइक रैली का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक ‘सबके लिए न्याय’ का संदेश पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके और जरूरत पड़ने पर विधिक सहायता प्राप्त कर सके।

बाइक रैली जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर सेंटर से प्रारंभ होकर अंबेडकर चौराहा, बस स्टैंड पुलिस चौकी, घंटाघर, राम मंदिर, गंगाझीरा, नवलपुरा एवं मेन रोड होते हुए बस स्टैंड मार्ग से वापस न्यायालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में पैरालीगल वॉलंटियर्स, महाविद्यालयीन विद्यार्थी, पुलिस, जेल एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्तागण, न्यायिक कर्मचारी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

न्यायोत्सव के समापन अवसर पर एडीआर सेंटर, मंडलेश्वर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) की विभिन्न योजनाओं पर आधारित विधिक जागरूकता प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में योजनाओं से संबंधित पंपलेट रखे गए, जिनका उपस्थितजनों ने अवलोकन किया और विधिक सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित

न्यायोत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अखिलेश जोशी ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मंडलेश्वर में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, सांदीपनि एकेडमी, मंडलेश्वर में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता तथा कंवरतारा पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, श्रीनगर कॉलोनी, मंडलेश्वर में आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में चतुर्थ जिला न्यायाधीश श्री सुजीत कुमार सिंह, तृतीय जिला न्यायाधीश श्री रवि झारोला, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री प्रीति जैन, जिला रजिस्ट्रार श्री मोहित बड़के, न्यायाधीश सुश्री प्रीतिबाला मुणिया, प्रशासनिक अधिकारी श्री शिरीष महाजन, उप प्रशासनिक अधिकारी श्री वी.पी. तिवारी, श्री साजिद खान, थाना प्रभारी श्री पंकज तिवारी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता श्री रूपेश शर्मा, सुश्री निशा कौशल, पैरालीगल वॉलंटियर्स एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
📲Get App