अज्ञात बाइक की टक्कर से दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर
यहाँ देखें:
▶️ YouTube
योगापट्टी। प्रखंड क्षेत्र के पिपरा कचहरी टोला चौक के समीप रविवार की सुबह अज्ञात बाइक की टक्कर से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 18 वर्षीय जवाहिर कुमार और 16 वर्षीय रामजी कुमार के रूप में हुई है। हादसे में जवाहिर कुमार को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि रामजी कुमार को हल्की चोट लगी है। जानकारी के अनुसार, जवाहिर कुमार योगापट्टी थाना क्षेत्र के हरपुरवा गांव के नवका टोला निवासी हैं। उनके पिता का नाम रुदल चौधरी है। वहीं, रामजी कुमार हरपुरवा नई बस्ती के नवका टोला निवासी हैं। उनके पिता का नाम हरिनंद यादव बताया गया है। दोनों युवक एक ही बाइक से किसी काम से चनैनिया जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय पत्रकार तबरेज अजीज ने दोनों घायलों को सड़क पर देखा और तत्काल ई-रिक्शा की व्यवस्था कर उन्हें योगापट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉ. तारिक अनवर ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। जवाहिर कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर कर दिया। इसके बाद तबरेज अजीज ने एंबुलेंस के लिए फोन कर घायल युवक को बेतिया भेजने की व्यवस्था की। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष ध्रुव नारायण सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली। पुलिस फरार बाइक सवार की पहचान और तलाश में जुट गई है।