🔥 TRENDING ગિરનારની પરિક્રમામાં આરોગ્ય તંત્રની સં... ঝাঁসির রানি লক্ষ্মীবাঈর জন্মজয়ন্তীতে... नवादा में जिला स्तरीय जनसुनवाई में 20... ग्यारस पूजा को लेकर उरई में दिखी धार्म... Mizoram Board Releases 2027 Exam Calen... Bengal Clinches SMAT 2026 Victory Over...
20 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Health

22 नवंबर को जिलेभर में चलेगा पल्स पोलियो अभियान, पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

✍️ Reporter: Yash karyani 🗓 17 Nov 2026, 07:01 PM 👁 70
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
22 नवंबर को जिलेभर में चलेगा पल्स पोलियो अभियान, पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने ली जिला टास्क फोर्स की बैठक, अभियान की सफलता के लिए विभागों को दिए समन्वय से कार्य करने के निर्देश

हनुमानगढ़। जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से आगामी 22 नवंबर, रविवार को पल्स पोलियो अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत जिलेभर में पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई जाएगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।

अभियान की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को अभियान का माइक्रोप्लान तैयार कर प्रस्तुत करने तथा गठित जिला स्तरीय टीम से उसका सत्यापन करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियोरोधी खुराक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

धार्मिक स्थलों और प्रचार माध्यमों से किया जाएगा जागरूक

जिला कलक्टर ने सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (बीसीएमओ) को अपने-अपने क्षेत्र में संबंधित उपखंड अधिकारियों के निर्देशन में बैठक आयोजित कर प्रचार-प्रसार की प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। अभियान की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न प्रचार माध्यमों के साथ मंदिरों, मस्जिदों एवं धर्मगुरुओं के माध्यम से भी अभिभावकों से अपील की जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहे।

घुमंतू और प्रवासी परिवारों के बच्चों पर रहेगा विशेष ध्यान

अभियान के दौरान घुमंतू एवं प्रवासी परिवारों के बच्चों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। जिला कलक्टर ने गाड़िया लुहार, मनिहार, पत्थर तराशने वाले मजदूरों, भवन निर्माण श्रमिकों तथा ईंट-भट्टों पर काम करने वाले परिवारों के बच्चों को चिह्नित कर खुराक पिलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों के अस्थायी निवास और कार्यस्थलों तक पहुंचकर बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा अभियान से छूटने न पाए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, आरसीएचओ डॉ. सुनील विद्यार्थी, आईसीडीएस से प्रवेश सोलंकी, पंचायती राज विभाग से एसीओ सुनील छाबड़ा, जिला अस्पताल से डॉ. रिपुदमन सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मुकेश शेखावत, शिक्षा विभाग से एडीईओ रणवीर सहू एवं एडीईओ प्रेम कुमार, हनुमानगढ़ बीसीएमओ कुलदीप सिंह बराड़ सहित जितेन्द्र सिंह राठौड़, सुदेश कुमार, कृष्ण टाक तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग की अपील: अभिभावक 22 नवंबर को अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियोरोधी खुराक अवश्य पिलाएं। बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए अभियान में सहयोग करें।
📲Get App