शिक्षा
11 से 28 जनवरी तक होंगी यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं, CCTV कैमरों से होगी निगरानी
यहाँ देखें:
▶️ YouTube
पहले चरण में इन मंडलों में होंगी परीक्षाएं।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं। बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रयोगात्मक परीक्षाएं 11 जनवरी से 28 जनवरी 2027 तक दो चरणों में आयोजित की जाएंगी। परीक्षाओं को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी और इसकी रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखी जाएगी। बोर्ड के अनुसार पहले चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 11 से 19 जनवरी तक आयोजित होंगी, जबकि दूसरे चरण की परीक्षाएं 20 से 28 जनवरी तक संपन्न कराई जाएंगी। बोर्ड की सचिव भगवती सिंह की ओर से इस संबंध में टाइमटेबल जारी किया गया है। इन परीक्षाओं में 52 लाख से अधिक परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। पहले चरण में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल में प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं दूसरे चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडल के विद्यालयों में परीक्षाएं कराई जाएंगी। विद्यालय स्तर पर होगा आंतरिक मूल्यांकन हाईस्कूल के विज्ञान और गृह विज्ञान विषयों को छोड़कर अन्य सभी विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर होंगी। विज्ञान और गृह विज्ञान में 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं बोर्ड की ओर से आयोजित की जाएंगी। वहीं व्यक्तिगत (प्राइवेट) परीक्षार्थियों को अपनी प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क करना होगा। बोर्ड ने परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।